


देहरादून में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शहबाज नाम के एक व्यक्ति ने शादी के सिर्फ चार महीने बाद अपनी पत्नी कहकशां की हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी से खुश नहीं था और दूसरी शादी करना चाहता था।
जानकारी के अनुसार, शहबाज की शादी पिछले साल 19 नवंबर को कहकशां से हुई थी। लेकिन शादी के बाद से ही वह पत्नी को पसंद नहीं करता था, क्योंकि वह कम पढ़ी-लिखी थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किसी ज्यादा पढ़ी-लिखी लड़की से दूसरी शादी करना चाहता था। इसी वजह से उसने पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
पुलिस के मुताबिक, शहबाज ने करीब एक हफ्ते पहले ही हत्या की साजिश रची थी। 3 मार्च की रात उसने कंबल से पत्नी का मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद वह खुद ही उसे अस्पताल ले गया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शहबाज देहरादून के रिस्पना नगर का रहने वाला है और एक सरकारी अस्पताल से जुड़ी लैब में काम करता है।
दहेज के लिए भी किया जाता था परेशान
मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए कहकशां को परेशान करते थे। लड़की के भाई सलमान आसिफ ने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी को बहन ने फोन कर कहा था कि ससुराल वाले प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
वारदात वाली रात किया था फोन
भाई के अनुसार, 3 मार्च की रात करीब 11 बजे कहकशां ने फोन कर बताया था कि पति और ससुराल वाले बहुत गुस्से में हैं और सुबह तक 50 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं। भाई ने उसे भरोसा दिलाया कि वह सुबह देहरादून पहुंच जाएगा। लेकिन रात करीब 1:30 बजे कहकशां के ससुर का फोन आया और उन्होंने बताया कि कहकशां की तबीयत खराब हो गई है। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।
इन लोगों पर केस दर्ज
कहकशां के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति शहबाज के साथ-साथ उसके पिता, मां, भाई और बहन के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।







