



उत्तराखंड में लंबे समय से शुष्क ठंड की मार झेल रहे स्थानीय लोगों और बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों के लिए आज की सुबह खुशियों भरी रही। मौसम विभाग के सटीक ‘प्री-अलर्ट’ के बाद, आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम ने करवट बदली और बारिश के साथ-साथ ऊंचे पहाड़ी इलाकों में जमकर हिमपात हुआ। पहाड़ों की रानी मसूरी और पास के धनोल्टी में बर्फबारी शुरू होते ही प्रकृति का नजारा बेहद मनोरम हो गया है।

प्रदेश के चारों धामों में भी चांदी जैसी सफेद बर्फ की चादर बिछ गई है। बर्फ की फुहारों ने न केवल पहाड़ों की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं, बल्कि राज्य के पर्यटन को भी नई संजीवनी दी है। बर्फबारी की खबर फैलते ही देशभर के पर्यटकों ने उत्तराखंड का रुख करना शुरू कर दिया है। पर्यटकों के भारी आगमन से होटल और रिसोर्ट संचालकों के चेहरे खिल उठे हैं। प्रदेश के प्रमुख हिल स्टेशनों पर होटलों और रिसॉर्ट्स की एडवांस बुकिंग में तेजी देखी जा रही है। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ और रास्तों पर बर्फ के जमाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।

बता दे कि पिछले कई हफ्तों से उत्तराखंड सूखी ठंड की चपेट में था, जिससे बीमारियां और फसलों को नुकसान होने का डर था। अब बारिश और बर्फबारी शुरू होने से तापमान में गिरावट तो आई है, लेकिन हवा में नमी बढ़ने के कारण सूखी ठंड का प्रकोप कम होने का अनुमान है।

