


ऋषिकेश: रायवाला स्थित राम मंदिर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता की और भगवान श्रीराम के चरणों में श्रद्धा अर्पित की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण छाया रहा और श्रद्धालु श्रीराम के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और आदर्शों का प्रतीक है, जो समाज और राष्ट्र को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि श्रीराम केवल एक आराध्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आत्मा हैं। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बना रहेगा। प्राण प्रतिष्ठा की यह वर्षगांठ पूरे देश के लिए आस्था, गौरव और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है।
इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष, असंख्य रामभक्तों के त्याग और बलिदान के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का स्वप्न साकार हुआ। सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सपना साकार हो सका, जिसने देशभर के रामभक्तों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और श्रीराम नाम के संकीर्तन से गूंज उठा। स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल हुए। सभी ने भक्ति भाव के साथ भजन-कीर्तन में भाग लिया और भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने का संदेश भी देता नजर आया।

