
देहरादून में लगातार बढ़ रही हत्याओं से लोगों में डर का माहौल है। बीते 17 दिनों में यह पांचवीं हत्या की घटना है। ताजा मामला सिल्वर सिटी मॉल का है, जहां एक व्यक्ति को गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा (उम्र करीब 45 वर्ष) जिम करने के लिए सिल्वर सिटी मॉल आए थे। जब वह जिम से नीचे उतर रहे थे, तभी दो हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। घटना के बाद उनका शव मॉल की सीढ़ियों पर मिला। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से पूरी तैयारी के साथ आए थे। एक आरोपी बाइक लेकर मुख्य सड़क पर खड़ा था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। मृतक विक्रम शर्मा मूल रूप से काशीपुर का रहने वाला था और देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि उसे पहले से जान का खतरा था, इसी वजह से वह अपने पास पिस्टल भी रखता था, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इनमें आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह और एसटीएफ के एसएसपी नवनीत भुल्लर शामिल थे। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, विक्रम शर्मा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया गया है कि उसके खिलाफ 50 से अधिक मुकदमे थे, जिनमें कई हत्या के मामले भी शामिल हैं। पुलिस इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देख रही है और इसके तार झारखंड के एक गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसटीएफ की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। दून पुलिस ने झारखंड पुलिस से भी संपर्क किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने पहले विक्रम शर्मा की गतिविधियों पर नजर रखी थी और सही समय देखकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही हत्याओं से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

