


देहरादून के मोतीचूर फ्लाईओवर पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो फ्लाईओवर पर हो रहे हादसों के कारणों की गहराई से पड़ताल करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों की सिफारिश करेगी।
प्रशासन की ओर से बनाई गई इस टीम में एसडीएम ऋषिकेश, क्षेत्राधिकारी (सीओ), एआरटीओ और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी शामिल किए गए हैं। टीम फ्लाईओवर की संरचना, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और अन्य संभावित कारणों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके आधार पर प्रशासन आगे की कार्रवाई तय करेगा।
क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि मोतीचूर फ्लाईओवर पर पहले भी कई बार सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे यह स्थान दुर्घटना संभावित क्षेत्र के रूप में सामने आया है। ऐसे में अब प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हादसों के वास्तविक कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि भविष्य में लोगों की जान जोखिम में न पड़े।
गौरतलब है कि बीते रविवार रात इसी फ्लाईओवर पर एक भीषण हादसा हुआ था, जिसमें कई वाहनों में आग लग गई थी। इस दर्दनाक घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि लगभग 15 लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद फ्लाईओवर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।







