

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर टिहरी जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा के दौरान यातायात, पार्किंग और पर्यटक प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में होटल और राफ्टिंग व्यवसाय से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल हुए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान संभावित जाम की समस्या से निपटने के लिए पहले से ही ठोस और व्यवस्थित योजना तैयार की जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने ब्रह्मपुरी स्थित परिवहन विभाग की चेक पोस्ट, नीरगड्डू, तपोवन, खारास्रोत और ढालवाला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान ब्रह्मपुरी में राफ्टिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राफ्टिंग गतिविधियों से जुड़े सभी वाहनों और पर्यटकों की आवाजाही का पूरा ब्यौरा तैयार किया जाए। साथ ही राफ्टिंग बुकिंग प्वाइंटों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि भीड़ प्रबंधन में आसानी हो सके। उन्होंने किराए पर चलने वाले दोपहिया वाहनों और उनके पार्किंग स्थलों का भी पूरा विवरण तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तपोवन क्षेत्र में डेक्कन वैली मार्ग पर नाले की ओर पर्याप्त सुरक्षात्मक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बालकनाथ मार्ग पर क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत कराने, बिजली के पोलों पर लटक रहे तारों को व्यवस्थित करने और अनावश्यक पोल क्योस्क को हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि क्षेत्र की सभी नालियों को पूरी तरह ढकने की व्यवस्था की जाए, ताकि दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही पार्किंग क्षेत्र में बनाए गए राफ्टिंग कार्यालयों को हटाने के लिए तपोवन के अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया।
खारास्रोत पार्किंग के पास पुराने पुल के ध्वस्त होने के बाद पड़े मलबे को जल्द हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर के अधिकारियों को शिवपुरी क्षेत्र में पड़े मलबे को भी तत्काल साफ कराने के लिए कहा गया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
इस निरीक्षण के दौरान एसएसपी टिहरी आयुष अग्रवाल, एएसपी दीपक सिंह, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, एआरटीओ सतेंद्र राज, डीएसओ मनोज डोभाल, मुनि की रेती की अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी, तपोवन की ईओ अंजली रावत और थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि चारधाम यात्रा को देखते हुए क्षेत्र में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण और सुधार की प्रक्रिया जारी रहेगी।







