देहरादून: शासन ने देर शाम एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में भारी फेरबदल किया है। सरकार ने प्रशासनिक कसावट और कार्यकुशलता को बढ़ाने के उद्देश्य से 19 आईएएस (IAS) और 10 पीसीएस (PCS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उनके स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।
देहरादून और बागेश्वर को मिले नए जिलाधिकारी
इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव राजधानी देहरादून और बागेश्वर जिले में देखने को मिला है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी (DM) नियुक्त किया गया है। वहीं, अपूर्वा पांडेय को जिलाधिकारी बागेश्वर की कमान सौंपी गई है। शासन को उम्मीद है कि इन युवा और अनुभवी अधिकारियों के नेतृत्व में दोनों जिलों के विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
सचिवालय स्तर पर भी बड़े बदलाव, सचिन कुर्वे केंद्र के लिए रिलीव
जिले के कप्तानों के साथ-साथ शासन स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण विभागों के विभागों में बदलाव किया गया है:
- आईएएस विनय शंकर पांडेय को स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन जैसे दो बेहद महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपते हुए सचिव स्वास्थ्य व नागरिक उड्डयन विभाग के पद पर तैनात किया गया है।
- अब तक स्वास्थ्य सचिव का अहम दायित्व संभाल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव (कार्यमुक्त) कर दिया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर कसावट की तैयारी
देर शाम जारी हुई इस सूची के बाद सचिवालय से लेकर जिला स्तर तक प्रशासनिक हल्कों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार आगामी विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने और जनता से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए नए सिरे से टीम तैयार कर रही है। स्थानांतरित किए गए सभी 19 आईएएस और 10 पीसीएस अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

