देहरादून। कांग्रेस के आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। हालांकि पहले इस कार्यक्रम का आयोजन परेड ग्राउंड में होना था, लेकिन अब इसका स्थान बदलकर बन्नू कॉलेज ग्राउंड कर दिया गया है। स्थान परिवर्तन के बावजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश पहले से कहीं ज्यादा नजर आ रहा है।
कांग्रेस के दावों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए अब तक 2.5 लाख से ज्यादा छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया है। इतनी बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन होने से जहां कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता गदगद हैं, वहीं इस संभावित भारी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालने के लिए कांग्रेस की इंटरनल टीम भी पूरी मुस्तैदी से काम में जुट गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, दिल्ली से पहुंची टीम
कार्यक्रम की संवेदनशीलता और वीआईपी सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली से एक विशेष सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में करीब 40 से 50 सुरक्षाकर्मियों की टीम देहरादून पहुंच चुकी है। इस टीम के कंधों पर मुख्य रूप से राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा है। बन्नू कॉलेज ग्राउंड का नाम तय होते ही सुरक्षा टीम ने कार्यक्रम स्थल और उसके आस-पास के पूरे इलाके का बारीकी से दौरा किया और अपनी नजरें गड़ा दी हैं।
तैयारियों ने पकड़ा जोर कार्यक्रम स्थल पर बुनियादी ढांचे और मंच की व्यवस्था के लिए छह ट्रकों में भरकर सामान लाया गया है, जिसे अब मैदान में व्यवस्थित तरीके से सजा दिया गया है। सुरक्षा और आयोजन से जुड़ी टीमें अब बाकी बची तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी हुई हैं ताकि कार्यक्रम को बिना किसी बाधा के भव्य रूप से संपन्न कराया जा सके।

