ऋषिकेश:
देशभर में तूल पकड़ रहे NEET पेपर लीक मामले और हाल ही में उत्तराखंड में सामने आए UTU (उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय) के पेपर लीक प्रकरण को लेकर छात्र संगठनों का आक्रोश चरम पर है। इसी कड़ी में ऋषिकेश के कोयल घाटी में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन किया।
NSUI के महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए हिमांशु जाटव ने सरकार पर तीखा हमला बोला।
“देशभर में अभी NEET पेपर लीक का मामला थमा भी नहीं था कि उत्तराखंड में UTU के दो-दो पेपर लीक हो गए। लगातार हो रही इन घटनाओं से साफ जाहिर होता है कि सरकार और उससे जुड़े लोग इसमें संलिप्त हैं। सरकार को प्रदेश और देश के युवाओं व छात्रों के भविष्य की रत्ती भर भी चिंता नहीं है।”
— हिमांशु जाटव, महानगर अध्यक्ष, NSUI
लाखों छात्रों के भविष्य पर संकट
NSUI नेताओं का कहना है कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से परीक्षा की तैयारी कर रहे लाखों परीक्षार्थियों का भविष्य अंधकार में लटक गया है। छात्रों की मेहनत पर पानी फेरा जा रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
“न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष”
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि युवाओं के हक की इस लड़ाई को पीछे नहीं हटने दिया जाएगा। NSUI, यूथ कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी लगातार सड़कों पर उतरकर छात्रों की आवाज बुलंद कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई और छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह उग्र आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा।

