ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र अंतर्गत काली की ढाल (गली नंबर 12) में बीती देर रात एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ 28 वर्षीय एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
देर रात मिली थी कंट्रोल रूम को सूचना
ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार, बीती देर रात लगभग 1:15 बजे आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, पुलिस के पहुँचने से पहले ही पड़ोसियों ने युवक को फंदे से नीचे उतारकर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विशाल त्यागी (28 वर्ष), पुत्र अनिल कुमार, निवासी गली नंबर 12, काली की ढाल, आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव की आशंका
घटनास्थल पर पहुँची पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके से फांसी लगाने में इस्तेमाल पट्टा और मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक विशाल त्यागी पूर्व में जिम चलाता था। जिम में भारी आर्थिक नुकसान होने के कारण उसे जिम बंद करना पड़ा था। माना जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
मौके से मिला सुसाइड नोट
मामले की जानकारी देते हुए एसएसआई नवीन जोशी ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में मृतक ने अपनी आत्महत्या के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। इसके लिए मृतक के मोबाइल फोन के रिकॉर्ड्स और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

