ऋषिकेश: उत्तराखंड में हालिया भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और बार-बार होते पेपर लीक के मामलों को लेकर युवाओं का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऋषिकेश की सड़कों पर युवा कांग्रेस का एक बेहद आक्रामक और अनूठा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। पार्षद अभिनव सिंह मलिक के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हाथों में गांधी जी के नोट (रुपये) लहराते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय की ओर कूच किया।
बंद पड़े भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की परीक्षा प्रणाली पर करारा तंज कसा। कार्यकर्ताओं ने हाथ में पैसे दिखाते हुए कहा, “अगर पेपर लीक नहीं हो रहे हैं, तो हमें भी रेट बता दो, हम पैसे लेकर आए हैं।”
‘मेहनत करने वालों को नाकामी, पर्चे बेचे जा रहे’
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य का युवा दिन-रात मेहनत करके पढ़ाई कर रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पर्चे बेचे जा रहे हैं। जब ईमानदारी से पढ़ने वाले छात्रों को सिर्फ असफलता हाथ लग रही है और लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, तो आम छात्र भी पैसे लेकर पेपर खरीदने को मजबूर महसूस कर रहा है।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पार्षद अभिनव सिंह मलिक ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा:
“बार-बार होते पेपर लीक से युवाओं का इस पूरी प्रणाली से भरोसा उठ चुका है। जांच के नाम पर महज लीपापोती की जा रही है। हम मांग करते हैं कि यह ढोंग बंद हो और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले असली दोषियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए।”
‘यह सिर्फ झांकी है, आंदोलन होगा और उग्र’
भाजपा सरकार की परीक्षा प्रणाली पर जोरदार कटाक्ष करते हुए प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि आज का यह प्रदर्शन तो महज एक ‘झांकी’ है। यदि भर्ती परीक्षाओं में जल्द से जल्द पारदर्शिता नहीं लाई गई और पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो युवा कांग्रेस इस आंदोलन को और अधिक उग्र रूप देगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।

