देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में वांछित अपराधियों और भू-माफियाओं पर दून पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त शाश्वत गर्ग के घर पर थाना राजपुर पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया है।

क्या है पूरा मामला?
मामला 21 नवंबर 2025 का है, जब आरकेडिया हिलॉक्स सोसाइटी (मसूरी रोड) के अध्यक्ष विवेक कुमार ने थाना राजपुर में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी शाश्वत गर्ग और उसके साथियों ने फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मसूरी रोड स्थित ‘आरकेडिया हिलॉक्स’ में फ्लैट आवंटित करने के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की थी।
तहरीर के आधार पर राजपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120(B) के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0- 218/2025) दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार बदल रहा था ठिकाने
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस की लगातार दबिश के बावजूद मुख्य आरोपी शाश्वत गर्ग और उसके साथी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहे थे।
पुलिस द्वारा माननीय न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और कुर्की का आदेश प्राप्त किया गया। इसके बाद 22 जुलाई 2026 को राजपुर पुलिस टीम ने सहस्रधारा रोड स्थित आरोपी के घर पहुंचकर कुर्की की वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
आरोपी का विवरण:
-
नाम: शाश्वत गर्ग
-
पिता का नाम: प्रवीण गर्ग
-
पता: 95 ऊषा कॉलोनी, सहस्रधारा रोड, देहरादून
दून पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी के मकान की कुर्की कर ली गई है। मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों के घरों की कुर्की के लिए भी न्यायालय से वारंट प्राप्त किए जा रहे हैं और जल्द ही अन्य फरार आरोपियों पर भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

