
देवप्रयाग (टिहरी गढ़वाल), 13 नवंबर 2026:
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास शुक्रवार को एक स्कॉर्पियो और अर्टिगा टैक्सी के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार 13 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया है।
कैसे हुआ हादसा? पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को डायल 112 के माध्यम से थाना देवप्रयाग को मुरारीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के पास दो वाहनों की टक्कर होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक (SHO) पुलिस बल और आपदा-राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। हादसा थाने से करीब 3 किलोमीटर दूर तीनधारा की ओर होटल गंगा दर्शन से 100 मीटर आगे हुआ था।
मौके पर पंजाब नंबर की एक महिंद्रा स्कॉर्पियो (PB10KT-3636) और उत्तराखंड नंबर की अर्टिगा टैक्सी (UK12TA-4646) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो लुधियाना (पंजाब) से श्री बद्रीनाथ धाम जा रही थी, जिसमें एक ही परिवार के 7 सदस्य सवार थे। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही माना जा रहा है।

अस्पताल में एक ने तोड़ा दम, 6 हायर सेंटर रेफर इस हादसे में अर्टिगा टैक्सी में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पौड़ी गढ़वाल के कोट ब्लॉक स्थित ग्राम स्यालांगी निवासी 69 वर्षीय मदन लाल भट्ट (पुत्र स्व. दाताराम भट्ट) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, टैक्सी चालक समेत अन्य 6 गंभीर घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेस अस्पताल श्रीनगर (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया है। स्कॉर्पियो सवार सभी 7 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर राजमार्ग पर यातायात सुचारु करा दिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घायलों और मृतक का विवरण:
1. अर्टिगा टैक्सी (UK12TA-4646) में सवार व्यक्ति (पौड़ी गढ़वाल निवासी):
-
मृतक: मदन लाल भट्ट (69 वर्ष), पुत्र स्व. दाताराम भट्ट, निवासी ग्राम स्यालांगी, पट्टी सितोन्स्यूं, कोट ब्लॉक।
-
गंभीर घायल (रेफर):
-
संदीप रावत (चालक), पुत्र यशवंत सिंह रावत, निवासी ग्राम पोखरी मसनगांव।
-
करण नेगी, निवासी कांडी, पौड़ी।
-
आनंदी भट्ट (50 वर्ष)।
-
भावना (31 वर्ष), पत्नी क्रांति नेगी।
-
क्रांति नेगी।
-
कामिनी, पुत्री हिम्मत सिंह, निवासी ग्राम पंडोरी, पोस्ट लवाली।
-
2. महिंद्रा स्कॉर्पियो (PB10KT-3636) में सवार घायल:
-
बलविंदर (42 वर्ष – चालक), पुत्र कृष्ण देव, निवासी लुधियाना, पंजाब।
-
जसप्रीत उर्फ ज्योति (49 वर्ष), पत्नी बलविंदर।
-
अर्शवीर, पुत्र बलविंदर।
-
कमल, पुत्र गुरमेल सिंह, निवासी सी-306, जनकपुरी, गाजियाबाद।
-
अनीता, पत्नी कमल सिंह।
-
शिविका, पुत्री कमल।
-
सानवी, पुत्री कमल।

