

ऋषिकेश: हत्या के एक मामले में जमानत पर छूटने के बाद साधु वेश धारण कर रह रहे एक आरोपित को लक्ष्मणझूला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ वर्ष 2020 में चमोली जिले के थराली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वह पहले जेल भी जा चुका था, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद से अपने घर से गायब चल रहा था और पहचान छिपाने के लिए साधु के वेश में रह रहा था।
दरअसल, एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ अभियान के तहत कोतवाली और थाना पुलिस को संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था।
सत्यापन के दौरान पुलिस टीम को एक साधु वेशधारी व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो वह अपने बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। उसके हावभाव और जवाबों में विरोधाभास नजर आने पर पुलिस उसे थाने ले आई और सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम जयवीर खत्री निवासी चमोली बताया।
पुलिस जांच में सामने आया कि जयवीर खत्री के खिलाफ थाना थराली, जनपद चमोली में वर्ष 2020 में हत्या का मामला दर्ज है। मामले में जेल जाने के बाद जमानत पर छूटने के बाद से वह फरार चल रहा था। फिलहाल लक्ष्मणझूला पुलिस ने मामले की जानकारी थराली थाने को दे दी है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल और हेड कांस्टेबल मनोहरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।







