

देहरादून: तेल कंपनियों द्वारा रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने के बाद राजधानी देहरादून में भी गैस सिलिंडर महंगे हो गए हैं। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं, जिसके बाद उपभोक्ताओं को घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के सिलिंडरों के लिए अब पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
देहरादून में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 68 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले यह सिलिंडर 872 रुपये में उपलब्ध था, जबकि अब इसकी कीमत बढ़कर 940 रुपये हो गई है। वहीं, व्यावसायिक उपयोग में आने वाले कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में भी करीब 150 रुपये का इजाफा किया गया है। पहले 1850 रुपये में मिलने वाला कमर्शियल सिलिंडर अब लगभग 2000 रुपये में उपलब्ध हो रहा है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों की लागत पर असर पड़ने की संभावना है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की गई है। उन्होंने उपभोक्ताओं से घबराने या पैनिक होने की आवश्यकता नहीं होने की अपील की है। उनका कहना है कि देहरादून जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है और आम लोगों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का जिले में होने वाली गैस और ईंधन की आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बृहस्पतिवार को कुछ कारणों से अस्थायी रूप से प्रभावित हुई थी, लेकिन शनिवार तक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई और आपूर्ति फिर से सुचारु रूप से शुरू कर दी गई है।







