

ऋषिकेश में शनिवार देर रात एक युवक और युवती ने पुलिस को देखकर अपनी कार तेज रफ्तार में भगा दी। दोनों शराब के नशे में थे और उनकी लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई। पुलिस ने पीछा कर शिवपुरी के पास उन्हें पकड़ लिया।
होली पर्व को देखते हुए मुनि की रेती क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कैलाश गेट पुलिस चौकी के पास पुलिस ने एक कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार युवक-युवती ने संकेतों को नजरअंदाज कर तेज गति से वाहन दौड़ा दिया। पुलिस ने तुरंत पीछा किया। कार तपोवन की ओर भागी और आखिरकार शिवपुरी के पास घेराबंदी कर उसे रोक लिया गया।
चौकी प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि कार चालक नशे में था, इसलिए उसने पुलिस की बात नहीं मानी। जांच में कार में बैठे युवक और युवती दोनों शराब के नशे में पाए गए। दोनों को हिरासत में लेकर राजकीय उपजिला चिकित्सालय में मेडिकल जांच कराई गई, जहां उनके शरीर में शराब की मात्रा अधिक पाई गई।
थाना मुनि की रेती प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि ड्रंक एंड ड्राइव के मामले में दोनों का चालान किया गया और उनकी कार को सीज कर दिया गया है। युवक और युवती दूसरे राज्य के रहने वाले बताए गए हैं।







