

हल्द्वानी में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने शनिवार शाम फेसबुक लाइव के दौरान पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या की धमकी दे दी। करीब 25 मिनट 20 सेकेंड तक चले इस लाइव में उन्होंने खुद को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया। लाइव खत्म होने के बाद वह काठगोदाम स्थित शीतला माता मंदिर के जंगल की ओर चली गईं, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और सर्विलांस की मदद से ज्योति अधिकारी की लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने जंगल में सर्च अभियान चलाया, जहां कुछ समय बाद उन्हें बेहोशी की हालत में पाया गया। इसके बाद तुरंत उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
फेसबुक लाइव के दौरान ज्योति अधिकारी ने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक उत्पीड़न का सामना कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक महिला व्लॉगर और एक कारोबारी के खिलाफ उन्होंने पहले ही पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके विपरीत, उन्हीं दोनों लोगों की ओर से दी गई शिकायतों के आधार पर उनके और उनके पति के खिलाफ दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर दी गईं।
ज्योति अधिकारी ने यह भी कहा कि इससे पहले भी पुलिस उनके खिलाफ कई मामले दर्ज कर चुकी है, जिससे उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने बताया कि उनके बेटे की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और वह भी इस पूरे घटनाक्रम से मानसिक दबाव में है। उनके अनुसार पुलिस की लगातार घर पर आवाजाही से परिवार दहशत में है और घर की बेल बजने पर भी सभी लोग डर जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक रूप से उनके चरित्र पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन ऐसा करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि ज्योति अधिकारी को शीतला माता मंदिर के जंगल से बेहोशी की हालत में बरामद किया गया है। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।







