

ऋषिकेश: गंगानगर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित चौथे गढ़वाल कप उत्तराखंड स्टेट कराटे चैंपियनशिप का शुभारंभ गरिमामय माहौल में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान ने दीप प्रज्वलित कर की। उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों- एम्स ऋषिकेश, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, काशीपुर सहित अनेक क्षेत्रों से आए लगभग 250 कराटे खिलाड़ियों ने इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों की ऊर्जा, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
कराटे कोच राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को खेलों के प्रति अधिक सजग और प्रेरित करना है, ताकि वे नशे और दुष्प्रवृत्तियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगा सकें। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव भी रखता है।
मेयर शंभू पासवान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ और अनुकूल वातावरण देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल ही वह सशक्त मंच है, जो युवाओं को ऊर्जा, आत्मविश्वास और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करता है। राज्य मंत्री गिरीश डोभाल ने भी प्रतियोगिता में उपस्थित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में खेमेंद्र कुमार गंगवार, अक्षत गोयल, ललित मोहन मिश्र, जयेंद्र रमोला, पवन शुक्ला, सुनील सिंह, सागर ठाकुर, सुमित कुमार, आकाश उनियाल, कृष्ण जाटव, लक्ष्मण साहनी, उज्ज्वल डबराल और मोहन सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और प्रतियोगिता की सफलता में अपना योगदान दिया।







