

ऋषिकेश: रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के नव नियुक्त अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सलीम अहमद ने ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना को लेकर स्पष्ट किया कि इस महत्वाकांक्षी योजना को हर हाल में दिसंबर 2028 से पहले पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए सभी स्तरों पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
दो दिवसीय दौरे पर ऋषिकेश पहुंचे प्रबंध निदेशक ने पहले दिन आरवीएनएल परिसर में ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड में आरवीएनएल द्वारा संचालित सुरंग परियोजनाओं को राज्य के समग्र विकास के लिए बेहद अहम बताया। उनका कहना था कि ये परियोजनाएं न केवल रेल संपर्क को मजबूत करेंगी, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन को भी नई गति देंगी।
बैठक में परियोजना की अब तक की प्रगति, सामने आ रही तकनीकी चुनौतियों और समयबद्ध क्रियान्वयन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही इस संभावना पर भी विचार किया गया कि रेलवे सुरंगों के साथ-साथ सड़क सुरंगों का निर्माण किया जा सकता है, ताकि सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले वाहनों को भी तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गुणवत्ता, सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों से कोई समझौता किए बिना कार्य को गति दी जाए, ताकि परियोजना तय समय में पूरी होकर राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।







