

ऋषिकेश: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मोदी सरकार के केंद्रीय बजट की जमकर प्रशंसा की। प्रदेशाध्यक्ष ने इस बजट को वर्ष 2047 के विकसित भारत का मजबूत आधार बताया है। इस संबंध में महेंद्र भट्ट ने विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और अन्य भाजपाइयों की मौजूदगी में देहरादून रोड स्थित एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि लगभग 40 हजार करोड़ का बजट अलग-अलग अवस्थापना मद से उत्तराखंड को मिलेगा। इसके अलावा सेमी कंडक्टर 2.0 अभियान से भी राज्य में कई विकास काम होंगे। बजट में तीन आयुर्वेदिक एम्स और पांच मेडिकल हब उत्तराखंड में बनेंगे। साहसिक पर्यटन के नए रास्ते खोलने के लिए माउंटेन ट्रेल योजना भी धरातल पर उतरेगी। आईआईएम के सहयोग से 10 हजार गाइडों को नवीन प्रशिक्षण दिया जाएगा। सांस्कृतिक आध्यात्मिक महत्व के साथ सभी थानों के डिजिटल दस्तावेज भी तैयार करने की योजना है। सड़क कनेक्टिविटी को उत्तम से सर्वोत्तम की ओर ले जाने के लिए इस बजट से सड़क राजमार्ग के लिए 4 हजार करोड़ का प्रावधान भी है। जिसमें ऋषिकेश में ग्रीन एलिवेटेड और पिथौरागढ़ ट्रिपल टनल बाईपास मार्ग के अलावा तीर्थ यात्रा और सीमांत जिलों की कनेक्टिविटी शामिल है।
प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, हल्द्वानी आदि शहरों के संतुलित और क्षेत्रीय विकास के लिए 5 हजार करोड़ का फंड भी मिलेगा। राज्य में पहले से सफलता से संचालित लखपति दीदी कार्यक्रम को भी आगे बढ़ाया जाएगा। बजट में एक और खुशी की खबर है केंद्रीय करों में राज्य के हिस्सेदारी भी बढ़ेगी।







