


ऋषिकेश: कुंभ मेला 2027 की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में कुंभ मेला अधिकारी सोनिका मीणा ने आज ऋषिकेश, मुनि की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेला क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य योजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेला अधिकारी ने सड़कों की वर्तमान स्थिति, अस्थाई पार्किंग स्थलों के चयन और घाटों के सौंदर्यीकरण व मरम्मत कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अभी से पुख्ता खाका तैयार करना अनिवार्य है। सोनिका मीणा ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और नगर पालिका समेत तमाम संबंधित विभागों को निर्देशित किया किकुंभ मेले के दृष्टिगत किए जाने वाले कार्यों का इस्टीमेट अति शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें।

नीलकंठ सड़क मार्ग की जर्जर स्थिति को भी सुधारे। लक्ष्मण झूला क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं को अपग्रेड किया जाए। मेला अधिकारी ने स्वर्ग आश्रम क्षेत्र और नीलकंठ पैदल मार्ग का भी दौरा किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया। मेला अधिकारी ने बताया कि कुंभ मेला 2027 को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें इसके निर्देश दिए गए हैं। कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

इस निरीक्षण के दौरान उपमेला अधिकारी मनजीत सिंह, उप जिलाधिकारी नरेंद्र नगर आशीष घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







