

ऋषिकेश: वन भूमि प्रकरण को लेकर बापू ग्राम में पिछले कई दिनों से धरना दे रहे क्षेत्रीय लोगों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पहुंचे। उन्होंने लोगों से वन भूमि प्रकरण को लेकर गहन बातचीत और विचार विमर्श किया। मौके पर बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति ने हरीश रावत को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन दिया। हरीश रावत ने आश्वासन दिया है कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत करेंगे। उन्हें तथ्यों के साथ सुप्रीम कोर्ट में पक्ष रखने के लिए भी प्रेरित करेंगे।

हरीश रावत का मानना है कि तथ्यों और सही जानकारी के आधार पर दस्तावेजों के साथ सुप्रीम कोर्ट को यदि जानकारी दी जाएगी तो कोर्ट वन भूमि प्रकरण में जनता के हित मे साथ देगा। उन्होने बताया कि कोर्ट की लड़ाई कानूनी तरीके से लड़ी जाएगी। इसके लिए सरकार को सबसे पहले पहल करने की जरूरत है। यदि उनके प्रयास के बाद भी राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में सही तथ्य और दस्तावेज प्रस्तुत कर जनहित का साथ नहीं दिया तो कांग्रेस और बापू ग्राम बचाओ संघर्ष समिति सुप्रीम कोर्ट में अपने अनुसार पक्ष रखने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने दावा किया कि पूरी कांग्रेस इस जनहित के मुद्दे पर सरकार और जनता के साथ खड़ी है।







