


ऋषिकेश: गायत्री तीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में ऋषिकेश के गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस वर्ष प्रदेश भर से लगभग 86,204 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था। जिसमें अकेले देहरादून जनपद से 13,500 छात्र शामिल हुए। कड़े मुकाबले के बीच राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी ने जनपद के टॉप स्कूलों में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया। विद्यालय के कुल 9 छात्र-छात्राओं ने जनपद और तहसील स्तर पर श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किए हैं। विजेता छात्र-छात्राओं को आयोजित समारोह में प्रमाण-पत्र, स्मृति चिन्ह, ज्ञानवर्धक पुस्तकें एवं 700 रुपए की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। विशेष उपलब्धि के लिए विद्यालय की शिक्षिका एकादशी उनियाल को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बताया कि अंग्रेजी माध्यम के छात्र-छात्राओं द्वारा भारतीय संस्कृति के प्रति इस प्रकार का समर्पण और ज्ञान दिखाना वाकई प्रेरणादायक है। यह परीक्षा छात्रों को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर देती है।







