

देहरादून की तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जिसके बाद गुस्साए व्यापारियों ने तिब्बती मार्केट बंद कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (42) पुत्र कर्नल आरसी शर्मा निवासी आइटीबीपी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि अर्जून शर्मा परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। जब अर्जून खेल खत्म करके वापस लौटते हुए गाड़ी में बैठने लगे तभी पीछे से दो स्कूटी सवार युवकों ने उनपर फायरिंग कर दी। इसके बाद गंभीर रूप से घायल हुए अर्जुन शर्मा जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी। जबतक पुलिस पहुंची तबतक अर्जुन शर्मा की मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने जगह-जगह नाकाबंदी कर दी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल स्कूटी सवार युवकों की तलाश में जुट गई है।







