


ऋषिकेश: महाशिवरात्रि के अवसर पर नीलकंठ महादेव मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। तहसीलदार यमकेश्वर वैभव जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 13 फरवरी तक नीलकंठ मार्ग पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि नीलकंठ मार्ग पर रोशनी (पथ प्रकाश), पीने का पानी, शौचालय, सफाई व्यवस्था ठीक की जाए, ताकि शिवभक्तों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सड़क और यातायात व्यवस्था पर जोर
15 फरवरी को महाशिवरात्रि है और इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु नीलकंठ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसी को लेकर लक्ष्मणझूला डीएम कैंप कार्यालय में बैठक हुई। तहसीलदार ने लोक निर्माण विभाग को नीलकंठ मोटर मार्ग को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को पुलिस के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था सुचारू करने को कहा।
सड़क किनारे सामान से लग रहा जाम
लक्ष्मणझूला टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन के सचिव बिजेंद्र बिष्ट ने बताया कि घट्टूगाड़, खैरखाल, जुड्डा और पीपलकोटी जैसे स्थानों पर होटल मालिकों ने सड़क किनारे निर्माण सामग्री रख दी है, जिससे जाम की स्थिति बन रही है।
उन्होंने मांग की कि, गरुड़चट्टी से घट्टूगाड़ तक सड़क के गड्ढे जल्द भरे जाएं।
गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान हो रहा है।
शौचालय और पानी की व्यवस्था
नीलकंठ चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह कुंवर ने कहा कि, क्षेत्र के शौचालयों की सफाई कराई जाए। पार्किंग के पास बने शौचालयों की मरम्मत की जाए। तहसीलदार ने जिला पंचायत को शौचालयों में पानी की व्यवस्था करने, जल संस्थान को हैंडपंप ठीक कराने,पूर्ति विभाग को होटल और ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडर के इस्तेमाल पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
पार्किंग की व्यवस्था
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए राइका दिउली,
मराल क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है।
बैठक में मौजूद अधिकारी
इस बैठक में कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें लोक निर्माण विभाग, पुलिस, परिवहन विभाग, नगर पंचायत, सिंचाई विभाग और अन्य अधिकारी शामिल थे।







