

ऋषिकेश: महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नीलकंठ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को ड्यूटी पर तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
सीओ श्रीनगर अनुज कुमार ने लक्ष्मणझूला थाने में आयोजित बैठक में पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी शिवभक्तों के साथ अच्छा और सम्मानजनक व्यवहार करें और पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीओ ने पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था को सही तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा। किसी भी घटना या समस्या की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे, ताकि शिवभक्तों की सुरक्षा पर नजर रखी जा सके।
जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर नीलकंठ मेला क्षेत्र में निरीक्षकों सहित करीब 150 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।







