

उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के सभी नियमित अधिकारी और कर्मचारियों को अब 1 करोड़ 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा। इसके लिए यूपीसीएल प्रबंधन ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के साथ समझौता (एमओयू) किया है। अब सभी नियमित कर्मचारियों के यूनियन बैंक में कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट खोले जाएंगे। इन खातों पर मिलने वाली सुविधाओं के लिए कर्मचारियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को वेतन के आधार पर दो श्रेणियों में रखा गया है:
एग्जीक्यूटिव श्रेणी: जिनका वेतन 25 हजार से 74,999 रुपये तक है।
प्रीमियर श्रेणी: जिनका वेतन 75 हजार रुपये या उससे अधिक है।
18 से 60 वर्ष की उम्र के कर्मचारियों को दुर्घटना में मृत्यु, आंशिक या पूरी स्थायी विकलांगता होने पर 1.20 करोड़ रुपये तक का बीमा लाभ मिलेगा। इसके अलावा यूनियन बैंक की ओर से कर्मचारियों को 16.40 लाख रुपये तक के अतिरिक्त लाभ भी दिए जाएंगे। इनमें शामिल हैं:
1. बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए 6 लाख रुपये तक की मदद
2. जलने की स्थिति में प्लास्टिक सर्जरी के लिए 2 लाख रुपये
3. एयर एंबुलेंस की सुविधा के लिए 6 लाख रुपये
4.l डेबिट कार्ड के साथ 15 लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट बीमा
5. साथ ही कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी मिलेगा।
बैंकिंग सुविधाओं में भी कई छूट दी गई हैं। एग्जीक्यूटिव श्रेणी के कर्मचारियों को साल में 60 चेक की चेकबुक और प्रीमियर श्रेणी को 100 चेक की चेकबुक मुफ्त मिलेगी। डेबिट कार्ड पर कोई शुल्क नहीं लगेगा।
एटीएम से रोजाना 1 लाख रुपये तक और पीओएस मशीन से 3 लाख रुपये तक निकासी की सुविधा होगी। किसी भी बैंक के एटीएम इस्तेमाल करने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा और एसएमएस अलर्ट भी मुफ्त रहेगा।
25 लाख रुपये तक के लोन पर पूरी प्रोसेसिंग फीस माफ होगी और इससे कम राशि के लोन पर 50 प्रतिशत शुल्क माफ किया जाएगा। परिवार के तीन सदस्यों के लिए जीरो बैलेंस खाते भी खोले जा सकेंगे।
अन्य अतिरिक्त लाभ
-हर तीन महीने में मुफ्त स्वास्थ्य जांच
-तीन महीने का ऑनलाइन और एक महीने का ऑफलाइन जिम सब्सक्रिप्शन मुफ्त
-अमेजन प्राइम का 12 महीने का मुफ्त सब्सक्रिप्शन
-एक मुफ्त गोल्फ सेशन
-हर तीन महीने में ओला-ऊबर के लिए 100 रुपये का वाउचर
-हर तीन महीने में एक स्पा सेशन की सुविधा







