

Uttarakhand: नैनीताल जिला अदालत को मंगलवार को लगातार दूसरे दिन बम से उड़ाने की धमकी मिली। ई-मेल में दावा किया गया कि जज के चैंबर में आरडीएक्स बम लगाए गए हैं और दोपहर तक उन्हें फोड़ दिया जाएगा। सोमवार को भी नैनीताल और उत्तरकाशी जिला अदालतों को बम की धमकी भरा मेल मिला था। इस कारण से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन ने न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए। कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया।
सुरक्षा जांच और कार्रवाई
मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, खुफिया एजेंसियां और एटीएस की टीमें पहुंचीं। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। न्यायालय की कार्यवाही अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत पता लगाने में लगी हैं। साइबर सेल भी जांच में शामिल है।
पिछली धमकी
सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल कोर्ट की ई-मेल आईडी पर बम लगाने की धमकी मिली थी। नैनीताल में ई-मेल में जज के चेंबर में 12 आरडीएक्स बम लगाए जाने का दावा किया गया था। दोनों जिलों में घंटों तक सघन तलाशी अभियान चला। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, खुफिया एजेंसियों और ड्रोन से भी निगरानी की गई। हालांकि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।







