


आजकल लोग सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताते हैं। वहां अक्सर तनाव और उदासी से जुड़ी खबरें दिखाई देती हैं। इससे व्यक्ति खुद को थका हुआ, अकेला और परेशान महसूस करने लगता है। अगर आप भी ऐसा महसूस कर रहे हैं, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। इससे बाहर निकलने के आसान तरीके मौजूद हैं।
तनाव और उदासी से दूर रहने के लिए हमें अपनी जिंदगी में थोड़ी मनमौजी आदतें (व्हिम्सीपन) अपनानी चाहिए। इसका मतलब है – छोटी-छोटी बातों में खुशी ढूंढना और अपने अंदर के बच्चे को फिर से जगाना।
व्हिम्सी होना क्यों जरूरी है?

व्हिम्सीपन हमें उन छोटी खुशियों से जोड़ता है, जिन्हें हम बड़े होने के बाद भूल जाते हैं। जब मन बहुत भारी हो जाता है, तब खुद के लिए अच्छे और हल्के पल बनाना एक तरह की मानसिक थेरेपी जैसा काम करता है। जब हम जानबूझकर बच्चों जैसी छोटी-छोटी नादानियां करते हैं, तो हमारा दिमाग तनाव से बाहर निकलने लगता है। यह कोई बेवकूफी नहीं, बल्कि खुद को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने का तरीका है।
यह तरीका कैसे काम करता है?

अगर आप उदासी और अकेलेपन से घिरे हैं, तो कुछ छोटे काम आपके मन को हल्का कर सकते हैं, जैसे: पुराने कंचे खेलना, रंग-बिरंगे कपड़े पहनना, बिना किसी खास वजह के मोमबत्ती जलाना, पुराने पसंदीदा गाने सुनना।
ये बातें सुनने में साधारण लगती हैं, लेकिन ये आपके मन का बोझ कम कर देती हैं।
व्हिम्सी होने का मतलब यह नहीं है कि आपकी परेशानियां खत्म हो जाएंगी। दुख और समस्याएं रहेंगी, लेकिन ये छोटे खुशहाल पल आपको डर और अकेलेपन से बाहर निकालने में मदद करेंगे।
खुशी के छोटे पल कैसे बनाएं?
खुशी खुद-ब-खुद नहीं आती, उसे बनाना पड़ता है। इसके लिए आप ये काम कर सकते हैं:
1. पुरानी हॉबी अपनाएं:
जो काम आप पहले पसंद करते थे, उन्हें फिर से शुरू करें, जैसे पेंटिंग, सिलाई-कढ़ाई या पुराने गाने सुनना।
2. हाथ से खत लिखें:
आज के मोबाइल जमाने में अपने दोस्तों को हाथ से चिट्ठी लिखें और दिल की बातें शेयर करें।
3. सोशल मीडिया के दबाव से बाहर आएं:
दूसरों की परफेक्ट जिंदगी देखकर खुद को परेशान न करें। वही काम करें जो आपको सुकून दे।
4. दूसरों को खुश करें:
जब आप किसी के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, तो उससे आपको भी खुशी मिलती है और आपकी चिंता कम होती है।







