




ऋषिकेश: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक ऊंचे पुल से नदी में छलांग लगाता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो लक्ष्मण झूला–नीलकंठ मार्ग पर स्थित गरूड़ चट्टी में गंगा नदी पर बने पुल का है। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी ताजा घटना से साफ इनकार करते हुए आशंका जताई है कि यह पुराना वीडियो हो सकता है, जिसे अब वायरल किया जा रहा है।
वीकेंड के दौरान जहां बड़ी संख्या में पर्यटक गंगा में राफ्टिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचते हैं, वहीं कुछ लोग रोमांच के नाम पर अपनी जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं। गरूड़ चट्टी पुल की ऊंचाई से गंगा में छलांग लगाना बेहद खतरनाक माना जाता है, क्योंकि यहां नदी का बहाव तेज है और नीचे बड़ी-बड़ी चट्टानें मौजूद हैं। इस तरह की लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पुल से कुछ ही दूरी पर गरूड़ चट्टी पुलिस चौकी मौजूद है, जहां नियमित रूप से पुलिस बल तैनात रहता है। इसके बावजूद पर्यटकों द्वारा इस तरह के जोखिम भरे कदम उठाना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। बताया जा रहा है कि युवक की छलांग का वीडियो नीचे से गुजर रही एक राफ्ट में बैठे युवकों ने बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
इस मामले में लक्ष्मणझूला थाने के प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है और संभावना है कि यह वीडियो पुराना हो, जिसे अब वायरल किया जा रहा है।

