


देहरादून: गृह विभाग में प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अपर सचिव गृह की जिम्मेदारी संभाल रही आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को अब विशेष सचिव गृह नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह सचिव शैलेश बगौली की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि आईपीएस निवेदिता कुकरेती इसी वर्ष पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पद पर पदोन्नत हुई हैं। वर्ष 2008 बैच की इस वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने अपने सेवाकाल में कई अहम और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाया है।
नई नियुक्ति के साथ ही निवेदिता कुकरेती को पुलिस विभाग में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल यानी एसडीआरएफ की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। गृह विभाग और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिहाज से उन्हें दी गई यह भूमिका काफी अहम मानी जा रही है। इससे पहले आईजी रिद्धिम अग्रवाल गृह विभाग में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत थीं, जिन्हें पिछले वर्ष आईजी कुमाऊं की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।
इसी क्रम में उत्तराखंड पुलिस में एक और महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। आईजी सुनील कुमार मीणा को उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सोमवार शाम आदेश जारी किए। वर्तमान में आईजी सुनील कुमार मीणा के पास पुलिस महानिरीक्षक कानून व्यवस्था का दायित्व भी है। वर्ष 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी मीणा इससे पहले प्रदेश के कई जिलों में पुलिस कप्तान के रूप में सेवाएं दे चुके हैं और प्रशासनिक तथा मैदानी अनुभव के लिए जाने जाते हैं।
इन नियुक्तियों को राज्य में गृह विभाग और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

