

डोईवाला (देहरादून)। राजधानी के डोईवाला क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक रईसजादे की लापरवाही और नशे ने खाकी को लहूलुहान कर दिया। लालतप्पड़ चौकी के पास चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर एक अनियंत्रित बीएमडब्ल्यू (BMW) कार सवार ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में एक उपनिरीक्षक (SI) और एक अपर उपनिरीक्षक (ASI) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में चल रहा है।
बैरियर तोड़ते हुए पुलिस पार्टी पर चढ़ाई कार
मिली जानकारी के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डोईवाला पुलिस लालतप्पड़ गेट के सामने बैरियर लगाकर हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी हरिद्वार की दिशा से एक काले रंग की बीएमडब्ल्यू (UK 07FB 7814) अत्यंत तेज गति और लापरवाही से आई। कार सीधे डिवाइडर और बैरियर से जा टकराई। बैरियर को घसीटते हुए चालक ने गाड़ी पुलिस पार्टी की ओर बढ़ा दी।
जब पुलिसकर्मियों ने चालक को रोकने का प्रयास किया, तो उसने जान से मारने की नीयत से कार को पीछे हटाकर दोबारा पुलिस टीम पर चढ़ा दिया। इस जानलेवा हमले में:
- उ0नि0 रघुवीर कपरवाण और अ0उ0नि0 मनोज कुमार गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
- अन्य पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
नशे में धुत था बिजनौर का युवक
प्रभारी निरीक्षक डोईवाला प्रदीप राणा ने तत्काल घायल सहयोगियों को अस्पताल भिजवाया और मौके पर ही घेराबंदी कर कार चालक को दबोच लिया। पकड़े गए युवक की पहचान तरुण पुत्र स्व. नरेश कुमार, निवासी राजा का ताजपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मेडिकल परीक्षण में आरोपी के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।
BMW सीज, आरोपी भेजा गया जेल
डोईवाला पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार को सीज कर दिया है। आरोपी तरुण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 121, 132 और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। रविवार को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार देहरादून भेज दिया गया है।
पुलिस का कड़ा रुख: “ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की जान जोखिम में डालने और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”







