

Rishikesh: संत शिरोमणि रविदास महाराज की 649वीं जयंती के अवसर पर क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास से भरी भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली। बैंड-बाजों की गूंज और भक्ति संगीत के बीच यह शोभायात्रा बापूग्राम पंचायत घर से प्रारंभ होकर हरिद्वार रोड स्थित आईडीपीएल रविदास मंदिर तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संत रविदास महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और वातावरण भक्ति एवं उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जाट महासभा के अध्यक्ष संजीव चौधरी उपस्थित रहे, जिन्होंने संत रविदास के विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश के एससी-एसटी इंप्लाइज एसोसिएशन की ओर से रविदास मंदिर की चहारदीवारी निर्माण के लिए 51 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की गई, जिसे समाज के प्रति सहभागिता और सेवा भाव का प्रतीक माना गया। कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री प्रतीक कालिया के साथ चंद्रशेखर, दिनेश चंद्र मास्टर, राजपाल खरोला, रविंद्र राणा, डॉ. रविकांत, राजकुमार और शक्ति प्रसाद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं लक्कड़घाट में भी संत शिरोमणि रविदास महाराज की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और संत के आदर्शों को स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास का “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का संदेश आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाता है। उन्होंने इस दौरान मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा कर श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में सुरेंद्र मोघा, संगीता थपलियाल, चंद्रमोहन पोखरियाल, राजकुमार, नेकी राम, अमन कुकरेती, प्रमिला देवी, पंकज जुगलान और अमरपाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।







