

कैंची धाम से दर्शन कर दिल्ली लौट रहे एक बुजुर्ग दंपति की उत्तराखंड में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हृदयविदारक दुर्घटना अल्मोड़ा जिले के बाड़ेछीना सेराघाट मोटर मार्ग पर शनिवार दोपहर उस समय हुई, जब दंपति अपने बेटे के साथ स्कॉर्पियो कार से यात्रा कर रहे थे। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर को तोड़ते हुए करीब 50 से 60 मीटर नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि कार उलटते हुए नीचे गिरी और उसकी छत पूरी तरह पिचक गई। वाहन में सवार 75 वर्षीय प्रणब राय और उनकी 72 वर्षीय पत्नी शुभी राय कार के अंदर ही बुरी तरह दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनका बेटा सिद्धार्थ राय वाहन चला रहा था, जबकि दोनों बुजुर्ग पीछे की सीट पर बैठे थे। बेटे सिद्धार्थ को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन वह किसी तरह जीवित बच गया।
स्थानीय लोगों ने हादसे की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि दरवाजे खोलना संभव नहीं हो पा रहा था। काफी कोशिशों के बाद भी जब शवों को बाहर नहीं निकाला जा सका, तो मौके पर जेसीबी मशीन मंगाई गई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से कार को काटकर दोनों बुजुर्गों के शव बाहर निकाले जा सके।

हादसे में घायल सिद्धार्थ राय को स्थानीय शिक्षक राकेश मेहरा ने अपनी निजी गाड़ी से तुरंत धौलछीना अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सिद्धार्थ की पत्नी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं, जिस कारण वह इस यात्रा में शामिल नहीं हो सकी थीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पत्नी की हालत भी बिगड़ गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि वाहन सीधे नीचे सड़क पर गिरता तो शायद नुकसान कम हो सकता था, लेकिन कार के उल्टा गिरने से पूरा वजन छत पर आ गया, जिससे बुजुर्ग दंपति को संभलने का मौका तक नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







