


ऋषिकेश: स्पर्श गंगा अभियान की टीम से जुड़े सदस्यों ने आज श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में स्पर्श गंगा स्वच्छता संकल्प के तहत कला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी और स्पर्श गंगा अभियान की राष्ट्रीय सयोजिक डॉक्टर आयुषी निशंक पहुंची। टीम के सदस्यों ने आयुषी निशंक का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। मौके पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और पौधा रोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गढ़वाली गीतों पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य की संस्कृति को बचाने का संदेश भी दिया गया।

डॉक्टर आयुषी निशंक ने कहा कि उनके पिता रमेश पोखरियाल निशंक ने स्पर्श गंगा अभियान का शुभारंभ किया था। जिसे लगातार चलाए जाने की कोशिश की जा रही है। इस अभियान का मकसद लोगों को पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता और मां गंगा की पवित्रता को बरकरार रखने का संदेश देना है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह इस अभियान से जुड़कर उनके मकसद को सफल बनाने में अपना अहम योगदान दे।







