

Uttarakhand: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार फोन कर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है, जिसे पार्टी और प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इस घटना को लेकर महेंद्र भट्ट ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी को भेजे गए लिखित पत्र में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि रविवार को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके निजी फोन पर बार-बार कॉल आ रही हैं। फोन करने वाला व्यक्ति न केवल गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा है, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। भट्ट ने कहा कि कई बार समझाने के बावजूद उक्त व्यक्ति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उनका आरोप है कि यह पूरी घटना किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित प्रतीत होती है, जिससे उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है और साथ ही उनके जीवन को भी खतरा हो सकता है।
भट्ट ने यह आशंका भी जताई कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंदी द्वारा किसी व्यक्ति को उकसाकर इस तरह की धमकी भरी कॉल कराई जा रही हो सकती है। उन्होंने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराते हुए जल्द से जल्द उसकी पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कॉल करने वाले तक पहुंचने की कार्रवाई कर रही है।
वहीं, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और जान से मारने की धमकी देना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में इस तरह के व्यवहार को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के विपरीत ऐसी घटनाएं निंदनीय हैं। पार्टी को उम्मीद है कि पुलिस प्रशासन आरोपी के खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई करेगा।







