


उत्तराखंड: नए साल की शुरुआत के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने सभी सात मोर्चों की प्रदेश स्तरीय टीमों की घोषणा कर दी है। प्रदेश भर से विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विपुल मैंदोली ने अपनी कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए टीम की घोषणा की। इसी क्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि चौहान भट्ट, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्या, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष बलवीर घुनियाल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम सिंह राणा तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने भी अपनी-अपनी टीमों की घोषणा कर दी है।
गौरतलब है कि भाजपा ने लगभग दो महीने पहले सभी सात मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की थी। इसके बाद से ही संगठन में उनके विस्तार को लेकर प्रतीक्षा की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। पार्टी संगठन इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है, ताकि विभिन्न वर्गों तक प्रभावी पहुंच बनाई जा सके और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सके।
भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

