

देहरादून जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जैसे ही यह सूचना मिली, बिना देरी किए कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया। जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। यह धमकी ई-मेल के जरिए जिला जज को भेजी गई थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और पूरे कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। बुधवार को भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके कारण जज, कर्मचारी और वकीलों को कोर्ट से बाहर निकालना पड़ा था।
इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। अब देहरादून जिला कोर्ट को भी धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की मदद से पूरे परिसर की जांच की। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद लोगों को फिर से कोर्ट के अंदर जाने की अनुमति दी गई और सभी ने राहत की सांस ली। इस दौरान कोर्ट का कामकाज पूरी तरह बंद रहा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम मौके पर भेजी गई और पूरे परिसर की गहन जांच कराई गई। जांच में कोई भी संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
धमकी भरे ई-मेल में लिखा गया था कि सुबह 11:15 बजे कोर्ट परिसर को बम से उड़ाया जाएगा और इमारत में कई बम लगाए गए हैं। मेल में कुछ संगठनों और मुद्दों का भी जिक्र किया गया था, लेकिन जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला। फिलहाल पुलिस इस धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच जारी है। कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।







