


उत्तराखंड में पहले जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी और अब देहरादून के पासपोर्ट ऑफिस को भी धमकी भरा ई-मेल मिला है। इस धमकी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के लिए पासपोर्ट कार्यालय को तुरंत खाली करा लिया गया। सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए देहरादून स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया।
उत्तराखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजा। टीमों ने रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (एमकेपी चौक) और हाथीबड़कला स्थित पासपोर्ट कार्यालय की पूरी तरह से तलाशी ली। करीब कुछ घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
पहले अदालतों को भी मिल चुकी है धमकी
इससे पहले देहरादून, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों की अदालतों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। 18 फरवरी को देहरादून जिला अदालत को धमकी मिलने के बाद पूरा कोर्ट परिसर खाली कराया गया था और जांच की गई थी। उस धमकी भरे मेल में आईएसआई और पाकिस्तान का भी जिक्र किया गया था। इसके बाद दीपम सेठ ने सभी न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और साइबर पुलिस को इन ई-मेल की जांच के आदेश दिए थे।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीमें तुरंत दोनों पासपोर्ट ऑफिस पहुंचीं और तेजी से जांच की गई। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए साइबर टीम जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मेल के सोर्स और भेजने वाले की पूरी जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल यह सुनिश्चित कर लिया गया है कि किसी तरह का खतरा नहीं है।







