

देहरादून। राजधानी के शैक्षणिक हब कहे जाने वाले प्रेमनगर इलाके में सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के निर्देशों के बाद, थाना प्रेमनगर पुलिस ने बीती देर रात बिधोली और पौंधा क्षेत्र में हुड़दंग मचा रहे 10 छात्रों को गिरफ्तार किया है।
वीकेंड पर मचा रहे थे शोर
सूचना के अनुसार, शनिवार की देर रात बिधोली और पौंधा क्षेत्र में स्थित विभिन्न हॉस्टलों के बाहर कुछ छात्र सार्वजनिक स्थानों पर सरेआम हुड़दंग कर रहे थे, जिससे स्थानीय निवासियों की शांति भंग हो रही थी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से इन छात्रों को हिरासत में लिया।
यूनिवर्सिटी को भेजी गई रिपोर्ट
पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए न केवल इन छात्रों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है, बल्कि इनके संबंधित कॉलेज और यूनिवर्सिटी प्रशासन को भी एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में ऐसी अनुशासनहीनता रोकने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को भी सख्त कदम उठाने होंगे।
एसएसपी के सख्त निर्देश
एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशा या शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए। विशेषकर वीकेंड के दौरान गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस की अपील: “सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखें। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध दून पुलिस की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।”








