

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बोर्ड परीक्षाओं के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में ध्वनि विस्तारक यंत्र तय मानकों के अनुसार ही बजाए जाएं, ताकि छात्रों की पढ़ाई में कोई बाधा न हो। इसके साथ ही शहर में हाल ही में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए सभी गोदामों और संस्थानों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के आदेश दिए गए हैं।
गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित अपनी पहली अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने थाना प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, आगामी त्योहारों और पर्यटक सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के साथ-साथ थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारी की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बाहरी लोगों का सत्यापन होगा सख्त
एसएसपी ने ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत बाहरी राज्यों से आए लोगों के सत्यापन अभियान को और सख्त करने के निर्देश दिए। ऊंची इमारतों, सोसायटियों और पॉश इलाकों में भी अनिवार्य रूप से सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी बाहरी अपराधियों द्वारा शहर में छिपने के मामले सामने आए हैं, इसलिए संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गोदामों और संवेदनशील स्थानों का फायर ऑडिटे
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आबादी वाले इलाकों में स्थित सभी गोदामों और संस्थानों का फायर ऑडिट किया जाएगा। इसके लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं। आगामी कुंभ मेले को देखते हुए ऋषिकेश क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का भी फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
वांछित और इनामी अपराधियों पर कार्रवाई
एसएसपी ने वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाने के निर्देश दिए हैं। सर्विलांस समेत सभी तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर अपराधियों को पकड़ा जाएगा। व्यस्त समय और स्कूल खुलने व छुट्टी के दौरान मुख्य सड़कों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाएगी। दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
रमजान और होली पर शांति व्यवस्था
रमजान और होली त्योहार को देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जाएंगी। संवेदनशील और घनी आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
जघन्य अपराधों में तेज कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में तुरंत और समय पर जांच की जाए। सभी जरूरी सबूत जल्दी जुटाकर समय सीमा में आरोपपत्र अदालत में पेश किए जाएं। ऐसे मामलों में अदालत में मजबूत पैरवी की जाएगी, ताकि अपराधियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
सोसायटियों में भी चलेगा सत्यापन अभियान
दून पुलिस अब सोसायटियों में भी सख्त सत्यापन अभियान चलाएगी। थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में बाहरी और संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई करेंगे। एसएसपी ने कहा कि शहर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







