

Uttarakhand: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित ऐतिहासिक परेड मैदान में मुख्य राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल जरूर देखने को मिली, लेकिन प्रशासन की तत्परता से हालात जल्द ही सामान्य हो गए और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप संस्कृति, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, हरित ऊर्जा और सैन्य शक्ति के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान बनाई है। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रगति यात्रा में देवभूमि उत्तराखंड भी पूरे सामर्थ्य के साथ सहभागी बन रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में आधारभूत ढांचे के विकास, सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी, डिजिटल सेवाओं और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश तेजी से विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद उत्तराखंड की आत्मा हैं और राज्य को योग-भूमि तथा वेलनेस हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। देवभूमि उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र बनाने का संकल्प लिया गया है। राज्यपाल ने प्रदेश की मातृशक्ति और बेटियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे शिक्षा, सेना, खेल और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। समान नागरिक संहिता के माध्यम से उत्तराखंड ने माताओं, बहनों और बेटियों को सुरक्षा और समानता का मजबूत कानूनी आधार प्रदान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में तकनीक का उपयोग प्रशासनिक पारदर्शिता, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बढ़ा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान के निर्माण का महापर्व है, जो हमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन हमें स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि संविधान के अनुरूप न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के मूल लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने और देवभूमि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री द्वारा 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताए जाने से प्रदेशवासियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने देश के अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। देवभूमि के मूल स्वरूप को बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं। तीर्थ यात्राओं के बेहतर प्रबंधन और अवस्थापना सुविधाओं के विकास से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। कुमाऊं मंडल में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। साथ ही धार्मिक पर्यटन और आर्थिक सुदृढ़ता के उद्देश्य से शीतकालीन यात्रा की शुरुआत भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए नीतिगत सुधारों के साथ उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा है कि नीति आयोग की निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड को छोटे राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जो प्रदेश की आर्थिक प्रगति और संभावनाओं को दर्शाता है।







