

Uttarakhand: गुंजन हत्याकांड की जांच कर रहीं एसपी मुख्यालय विशाखा अशोक भदाणे ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने खुड़बुड़ा चौकी के रिकॉर्ड भी देखे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का भरोसा दिलाया।
इस मामले में खुड़बुड़ा चौकी प्रभारी प्रद्युम्न नेगी पर आरोप लगे थे कि उन्होंने पीड़ित परिवार की पहली सूचना को गंभीरता से नहीं लिया। इस लापरवाही को देखते हुए डीजीपी के निर्देश पर प्रद्युम्न नेगी को निलंबित कर दिया गया था। पूरे मामले की जांच अब एसपी विशाखा अशोक भदाणे को सौंपी गई है।
एसपी विशाखा यह जांच करेंगी कि इस मामले में किसी और स्तर पर भी लापरवाही तो नहीं हुई। उन्हें सात दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को सौंपनी है। इसी क्रम में उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की।

पुलिस प्रवक्ता आईजी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि एसपी ने पीड़ित परिवार से बात कर मामले से जुड़ी हर जानकारी ली। परिवार को आश्वासन दिया गया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और किसी भी तथ्य को नहीं छोड़ा जाएगा। अगर किसी की लापरवाही या गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एसपी खुड़बुड़ा चौकी और शहर कोतवाली भी पहुंचीं। वहां उन्होंने मिली सूचनाओं और पुलिस की कार्रवाई की जांच की। अब इन सभी दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय इस पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रहा है।







