

ऋषिकेश में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत बुधवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान परिवहन विभाग ने स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराया। अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित यात्रा के प्रति संवेदनशील बनाना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी देना रहा।
तपोवन स्थित स्वामी शिवानंद मेमोरियल राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रश्मि पंत ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने, गलत लेन में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की। साथ ही उन्होंने पैदल चलने वालों को भी फुटपाथ, साइड और निर्धारित क्रॉसिंग का उपयोग करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विषयों पर एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समझ का परिचय दिया। देवांश, रवि, ज्योति, जयदेव, शुभम और शिवा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में सफलता हासिल की, जिन्हें बाद में सम्मानित भी किया गया।
इसी क्रम में अन्य विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां परिवहन उपनिरीक्षक महताब अली, रमेश पंत और प्रविन्द्र कोहली ने छात्रों को वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने की अनिवार्यता, मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरे और यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में समझाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जयपाल नेगी ने भी छात्रों से सड़क सुरक्षा नियमों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से परिवहन विभाग का प्रयास है कि विशेष रूप से युवा पीढ़ी में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़े और लोग नियमों का पालन कर अपनी तथा दूसरों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।







