


ऋषिकेश: विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि हिंदू समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने बताया कि कुछ असामाजिक लोग हिंदुत्व को लेकर गलत बातें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हमें संयम और समझदारी से उनका जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह बातें शुक्रवार को आवास-विकास क्षेत्र में आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में कहीं। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर किया गया था।
प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और हिंदुत्व पूरी दुनिया को “वसुधैव कुटुंबकम्” यानी पूरा विश्व एक परिवार है, का संदेश देती है। जब-जब हिंदू समाज एकजुट हुआ है, तब-तब देश ने प्रगति की है। इसलिए सनातन धर्म की रक्षा के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज किसी के खिलाफ नहीं है, बल्कि वह सकारात्मक सोच, सहिष्णुता और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने में विश्वास करता है।
वर्तमान समय में कुछ असामाजिक और विधर्मी लोग समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों का सामना हमें शांति, मर्यादा और लोकतांत्रिक तरीकों से करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि सामाजिक सद्भाव, अच्छे संस्कार, देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
इस कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने संतों और आदर्श परिवारों के मुखियाओं को भारत माता का चित्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में आरएसएस के सह जिला कार्यवाह राकेश शर्मा, विभाग संघचालक अनिल मित्तल, शाखा कार्यवाह देवेंद्र आर्य सहित कई अन्य पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।







