

उत्तराखंड: एक अमेरिकी रिपोर्ट में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुछ बयानों को ‘हेट स्पीच’ बताए जाने पर उन्होंने कड़ा और बेबाक जवाब दिया है। सीएम धामी ने साफ शब्दों में कहा कि अगर सनातन धर्म, देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और पहचान की रक्षा के लिए बोलना हेट स्पीच कहलाता है, तो वे इसे बार-बार और पूरी मजबूती से बोलते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रिपोर्ट एक अमेरिकी एनजीओ पर आधारित है, जिसने उनके उन बयानों को गलत संदर्भ में पेश किया है, जिनमें उन्होंने जबर्दस्ती धर्मांतरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद और समाज की जनसांख्यिकी बदलने की कोशिशों के खिलाफ अपनी सरकार की सख्त नीति स्पष्ट की थी। धामी ने दो टूक कहा कि उनका उद्देश्य किसी समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाना नहीं, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक अस्मिता और सामाजिक संतुलन की रक्षा करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की परंपराओं व मूल स्वरूप को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी साजिश को उनकी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई अवैध गतिविधियों और समाज को बांटने वाली सोच के खिलाफ है, न कि किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ।
सीएम धामी ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और कुछ अन्य दल जानबूझकर इस पर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि यूसीसी का मकसद समानता, न्याय और सामाजिक एकरूपता को मजबूत करना है। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार उत्तराखंड की सुरक्षा, संस्कृति और मूल पहचान की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाती रहेगी, चाहे उस पर कोई भी अंतरराष्ट्रीय टिप्पणी क्यों न की जाए।







