


ऋषिकेश: प्रदेश कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा से प्रभावित होकर आठ लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। संगठन में शामिल होने वालों में वर्तमान पार्षद, पूर्व पार्षद के साथ-साथ पूर्व मंडल अध्यक्ष और महामंत्री जैसे अनुभवी कार्यकर्ता भी शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी को विधिवत पार्टी की सदस्यता दिलाई और संगठन में उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और मजबूत संगठनात्मक ढांचे से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दिन-प्रतिदिन विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ता-आधारित पार्टी के रूप में और अधिक सशक्त होती जा रही है, जो संगठन की विचारधारा और कार्यशैली पर जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि भाजपा व्यक्तियों के साथ जुड़कर सामूहिक रूप से कार्य करने वाली पार्टी है। कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना, उनकी क्षमता को पहचानना और उन्हें भविष्य के नेतृत्व के रूप में तैयार करना ही पार्टी की मूल रीति-नीति है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए सदस्य संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में पार्षद मुस्कान, सुंदर कंडवाल, ऊषा जोशी, शिखा गोस्वामी, रवि गोस्वामी, अभिनव पाल, सुषमा पाल और संजय चिनालिया शामिल हैं। पार्टी में शामिल हुए सभी सदस्यों ने संगठन की गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने की शपथ ली तथा भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

