

उत्तराखंड के युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़कर उन्हें रोजगार के अवसर देने के लिए आईटीबीपी (भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल) ने एक नई पहल शुरू की है। ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में आईटीबीपी के राफ्टिंग कैंप में बेसिक राफ्टिंग ट्रेनिंग कोर्स शुरू किया गया है।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उत्तराखंड सरकार की कौशल विकास योजना के तहत चलाया जा रहा है। इस कोर्स का उद्घाटन पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान औली के महानिरीक्षक अखिलेश सिंह रावत ने किया। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें।
15 युवाओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण में उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से चुने गए 15 युवाओं को शामिल किया गया है। इन युवाओं को आईटीबीपी के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा व्हाइट वाटर राफ्टिंग की तकनीक, सुरक्षा उपाय, व्यावहारिक अभ्यास की पूरी जानकारी दी जा रही है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 मार्च तक चलेगा।
संयुक्त प्रयास से हो रहा कार्यक्रम
यह कोर्स उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और आईटीबीपी के पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान औली के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं की साहसिक क्षमताओं को बढ़ाना और उन्हें पर्यटन व एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में स्वरोजगार और नौकरी के नए अवसर देना है। इस मौके पर उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड की अधिकारी सीमा नौटियाल और भूपेन्द्र पुंडीर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।







