

ऋषिकेश: नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में रह रहे साधु-संतों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में साधु थाने पहुंचे, जिससे परिसर में काफी देर तक भीड़ बनी रही। पुलिस ने इस दौरान करीब 150 से अधिक साधुओं का सत्यापन किया और उनके दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक जानकारी दर्ज की।
थाना लक्ष्मणझूला प्रभारी भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि स्वर्गाश्रम और लक्ष्मणझूला क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन स्थल होने के कारण यहां पूरे वर्ष देश-विदेश से पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। क्षेत्र में दर्जनों आश्रम और धर्मशालाएं संचालित हो रही हैं, जिनकी आड़ में कई बार असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस तरह के सत्यापन अभियान चलाए जाते हैं। इस अभियान का उद्देश्य साधु-संतों की पहचान को लेकर पारदर्शिता बनाए रखना और उन तत्वों पर नजर रखना है जो धार्मिक वेश में गलत गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि पर्यटन नगरी की शांति और सुरक्षा बनी रहे।







