

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी के गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है।
एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद सुनील राठी अपने गैंग के जरिए देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। इसके बाद एसटीएफ की टीम काफी समय से गैंग के लोगों पर नजर रख रही थी।
26 फरवरी 2026 को एसटीएफ की टीम सहस्त्रधारा रोड इलाके में निगरानी कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सुनील राठी गैंग के दो लोग काली स्कॉर्पियो गाड़ी से सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने पैसिफिक गोल्फ एस्टेट के पास गाड़ी को रोक लिया और दोनों युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम भानू चौधरी (22 वर्ष), निवासी सहारनपुर और पारस (28 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक-एक .32 बोर पिस्टल और कुल सात जिंदा कारतूस मिले।
जांच में पता चला कि दोनों आरोपी सुनील राठी के सीधे संपर्क में थे और कई बार पौड़ी जेल में उससे मिलने भी गए थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे विवादित जमीन के मामलों में सुनील राठी का नाम लेकर लोगों को डराते थे और समझौता कराने के बदले मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी, दो आईफोन मोबाइल और 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। एसटीएफ ने साफ किया है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि शहर में किसी बड़ी वारदात को रोका जा सके।







